चंबा जिले में सोमवार दोपहर बाद मौसम के बदले मिजाज ने लोगों को राहत देने का काम किया। जिला के निचले क्षेत्रों में जमकर बारिश, ओलावृष्टि हुई तो भरमौर की ऊपरी चोटियों में कुगति, चौबिया, तुंद्रा में 5.08 सेंटीमीटर तक बर्फबारी होने से चिलचिलाती गर्मी से लोगों को राहत मिली है। देर शाम भरमौर-पठानकोट हाईवे पर भरमौर जीरो प्वाइंट के समीप एक सूखा दरख्त भी धराशाही होकर हाईवे पर आ गिरा। इस दौरान वहां से गुजर रही दो बाइकें स्किड होकर हाईवे पर गिर पड़ी जबकि, कार अनियंत्रित हो निकासी नाली के पास जाकर रुकी। गनीमत, ये रही कि दरख्त की जद में आने से किसी प्रकार की जानोंमाल का नुकसान नहीं हुआ। सूचना मिलने के बाद हाईवे प्रबंधन के मजदूरों ने कड़ी मशक्कत के बाद सूखे पेड़ की टहनियों को तोड़ कर जैसे-तैसे कर पेड़ को हाईवे किनारे करवा कर वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल करवाया। वहीं, पर्यटन स्थल डलहौजी के अधीन आने वाले डायनकुंड में ओलावृष्टि होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कृषि विभाग के विशेषज्ञ ने आसमान से बरसी राहत की बूंदों को मक्की की बिजाई और सब्जियों की बिजाई के लिए उपयुक्त करार दिया है। तो वहीं, बागवानी के विशेषज्ञ के मुताबिक सेब की फसल के लिए जून माह में होने वाली बारिश लाभप्रद साबित होने की बात कही है।