निर्माणाधीन भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन की टनल नंबर-10 में हो रही भारी ब्लास्टिंग पर थापना गांव के लोगों ने विरोध जताया है। ग्रामीणों ने शुक्रवार को विधायक रणधीर शर्मा की अगुवाई में उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से अनियंत्रित ब्लास्टिंग को रोकने और उससे क्षतिग्रस्त हुए घरों का मुआवजा देने की मांग उठाई गई। उन्होंने चेताया कि यदि 10 दिन के भीतर उनकी मांगों पर गौर नहीं किया गया तो टनल का निर्माण कार्य बंद करा दिया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि कंपनी आधी रात को निर्माणाधीन टनल में भारी ब्लास्टिंग कर रही, जिससे करीब 15 घरों में दरारें आ चुकी हैं।