फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिलासपुर: ऋषिकेश स्कूल में ई-कचरे के प्रति किया जागरूक, विद्यार्थियों ने निकाली रैली

ई-कचरे के सुरक्षित निपटान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऋषिकेश में स्पेशल कैंपेन-6 के तहत विशेष अभियान आयोजित किया गया। इस वर्ष अभियान का संदेश ‘आई एम ई-वेस्ट वॉरियर’ रखा गया। अभियान के तहत विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकालकर स्थानीय लोगों को ई-कचरे के उचित प्रबंधन के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने लोगों को बताया कि पुराने मोबाइल फोन, खराब चार्जर, बैटरियां, तार और अन्य अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कचरे में नहीं फेंकना चाहिए। ऐसे कचरे को अलग एकत्रित करके निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित तरीके से निपटाना जरूरी है। अभियान के दौरान विद्यार्थियों के साथ स्थानीय लोगों ने भी ई-कचरा एकत्रित करने में योगदान दिया। इस गतिविधि का उद्देश्य लोगों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के उचित निपटान के प्रति जिम्मेदार बनाना और पर्यावरण को इसके दुष्प्रभावों से बचाने के लिए प्रेरित करना रहा। ई-कचरे का अनुचित निपटान पर्यावरण के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कचरे से अलग रखना और अधिकृत संग्रह केंद्रों या निर्धारित पुनर्चक्रण प्रक्रिया के माध्यम से उनका निपटान करना आवश्यक है। कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के लिए ई-कचरा प्रबंधन विषय पर भाषण, क्विज और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को ई-कचरे से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान और उसके पुनर्चक्रण के महत्व की जानकारी दी गई। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें