बिलासपुर जिले के नए उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि प्रशासनिक पारदर्शिता, जवाबदेही और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को भी अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाएंगे। प्रदेश सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाएं निष्पक्ष एवं समयबद्ध ढंग से लागू की जाएगी ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ मिल सके। बचत भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि पर्यटन, महिला सशक्तिकरण और युवा रोजगार पर विशेष ध्यान रहेगा। बिलासपुर प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है, जिसे योजनाबद्ध ढंग से विकसित किया जाएगा। बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ कर पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा ताकि स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिले। गोबिंद सागर झील में जलक्रीड़ा गतिविधियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं। अगला लक्ष्य पर्यटकों की संख्या में इजाफा करना है। इसके लिए एक विशेष प्रचार नीति तैयार की जाएगी, जिससे राज्यभर और देश के अन्य हिस्सों से पर्यटक बिलासपुर की ओर आकर्षित हों। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से होटलों, रेस्तरां, टैक्सी सेवाओं, गाइडों और अन्य पर्यटन सेवाओं की मांग में वृद्धि होगी, जिससे युवाओं, महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों के लिए आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे। कहा कि स्थानीय स्तर पर महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार किए जा रहे हस्तशिल्प, खाद्य उत्पाद एवं पारंपरिक वस्तुओं को बड़े बाजारों से जोड़ा जाएगा, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। राज्य सरकार की सभी विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी ताकि उनका समयबद्ध और गुणवत्ता युक्त क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर नवनियुक्त अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर, एसडीएम सदर डॉ. राजदीप सिंह, जिला जनसंपर्क अधिकारी मीना बेदी, अतिरिक्त जनसंपर्क अधिकारी हेमंत नेगी उपस्थित रहे।