विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर में श्रावण रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ा। रिमझिम बारिश के बीच करीब 25 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाकर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया। लगातार बारिश के कारण पिछले दिनों की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या कुछ कम रही, लेकिन सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। श्रावण माह के चलते हिमाचल के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों से श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में शीश नवाकर परिवार की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की। दोपहर की आरती के समय मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार फ्लाईओवर तक पहुंच गई। बारिश के बावजूद श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ माता के दर्शन के लिए कतार में खड़े रहे। लगातार बारिश को देखते हुए मंदिर तक पहुंचने वाले रास्तों पर विशेष निगरानी रखी गई। श्रद्धालुओं के अनुसार रास्ते खुले रहे और जगह-जगह जेसीबी मशीनें तैनात की गई थीं, ताकि बारिश के कारण कहीं मलबा या पत्थर गिरने पर मार्ग को तुरंत साफ किया जा सके। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मंदिर न्यास की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए। मंदिर के बाहर होमगार्ड जवानों ने भीड़ को नियंत्रित किया, जबकि मंदिर के अंदर तैनात पूर्व सैनिकों ने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन करवाए। मुख्य द्वार और निकासी मार्ग के पास पंजाब की समाजसेवी संस्थाओं ने पानी की छबीलें भी लगाईं। इससे बारिश के बीच दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को राहत मिली।