भारतीय जनता पार्टी मंडल श्री नयना देवी की ओर से शनिवार को मातृ सदन भवन में नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर मुख्यातिथि के रूप में मौजूद रहे, जबिक श्री नयना देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अनुराग ठाकुर ने हाल ही में निर्वाचित पंचायतीराज संस्थाओं और नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने जनप्रतिनिधियों से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्थानीय निकायों की महत्वपूर्ण भूमिका है और जनप्रतिनिधियों को पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।