हिमाचल पथ परिवहन निगम चालक यूनियन की राज्य स्तरीय बैठक रविवार को बिलासपुर में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि सरकार 15 फरवरी तक चालकों और परिचालकों के ओवरटाइम का भुगतान नहीं करती है तो 15 फरवरी के बाद किसी भी समय संघर्ष का बिगुल बजा दिया जाएगा। यूनियन के राज्य प्रधान मानसिंह ने कहा कि एचआरटीसी की 50वीं वर्षगांठ पर 12 अक्तूबर को मुख्यमंत्री ने चालकों और परिचालकों के लंबित ओवरटाइम को देने का वादा किया था। लेकिन उन्हें इसका भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद वह जनवरी में शिमला में मुख्यमंत्री से मिले। पदाधिकारियों ने उन्हें अवगत करवाया कि अभी तक यह पैसा जारी नहीं हुआ है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि फरवरी में इस पैसे को जारी किया जाएगा। मान सिंह ने कहा कि यदि 15 फरवरी तक यह भुगतान नहीं होता है तो यूनियन संघर्ष का रास्ता अपनाएगी। इस मौके पर प्रदेश चेयरमैन मिलाप सिंह चौधरी, महासचिव गंगा राम, प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र ठाकुर, मुख्य सलाहकार सुरेश ठाकुर और वरिष्ठ उप प्रधान दीपक शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।