54वीं सीनियर महिला राष्ट्रीय हैंडबाल चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश की महिला टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। प्रतियोगिता का आयोजन 30 मार्च से 3 अप्रैल 2026 तक फ्यूचर यूनिवर्सिटी बरेली (उत्तर प्रदेश) में किया जा रहा है, जिसमें देशभर की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रदेश की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए अपने पूल मुकाबलों में विरोधी टीमों को कोई मौका नहीं दिया। टीम ने पहले मुकाबले में तेलंगाना को 30-0 के बड़े अंतर से हराकर अपनी ताकत का अहसास कराया। इसके बाद दूसरे मैच में जम्मू-कश्मीर को 20-3 से पराजित कर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। दोनों मुकाबलों में टीम की आक्रमण क्षमता के साथ-साथ मजबूत डिफेंस भी देखने को मिला। पूल चरण में शानदार प्रदर्शन के बाद प्री क्वार्टर फाइनल में भी हिमाचल की टीम का दबदबा कायम रहा। टीम ने ओडिशा के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 32-5 से बड़ी जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इस मुकाबले में खिलाड़ियों ने तेज गति, सटीक पासिंग और मजबूत रणनीति के दम पर विपक्षी टीम को पूरी तरह दबाव में रखा। पूरे टूर्नामेंट में प्रदेश की टीम का प्रदर्शन संतुलित नजर आया। टीम के खिलाड़ियों ने जहां आक्रमण में तेजी दिखाई, वहीं डिफेंस में भी मजबूती के साथ विपक्षी टीमों के प्रयासों को नाकाम किया। कोर्ट पर खिलाड़ियों के बीच बेहतर तालमेल और फिटनेस का स्तर भी टीम की सफलता का बड़ा कारण बना। प्रदेश एमेच्योर हैंडबाल एसोसिएशन के पदाधिकारियों का मार्गदर्शन भी टीम की सफलता में अहम रहा है। संघ के अध्यक्ष कुलदीप राणा, महासचिव क्रांति सिंह और कोषाध्यक्ष प्रवीण दुबे लगातार टीम के साथ जुड़े हुए हैं। टीम की कोच स्नेहलता के निर्देशन में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता से पहले कड़ी मेहनत की, जिसका परिणाम अब मैदान पर दिखाई दे रहा है।