हिमाचल-पंजाब सीमा पर देहनी के पास एक बार फिर एंट्री टैक्स मामले को लेकर लोग सड़क पर उतर गए हैं। शनिवार को पंजाब के विभिन्न संगठनों किसान यूनियन, टैक्सी ऑपरेटर, ट्रक यूनियन और अन्य समूहों ने बॉर्डर एरिया में धरना-प्रदर्शन किया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई। इस आंदोलन का असर हिमाचल के नालागढ़, बिलासपुर और ऊना जिलों पर साफ देखा जा रहा है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हिमाचल सरकार ने एंट्री टैक्स और अन्य शुल्कों में भारी बढ़ोतरी कर दी है। उनका कहना है कि पहले 70 की पर्ची को बढ़ाकर 100 कर दिया गया, जबकि अन्य श्रेणियों में भी शुल्क दोगुना तक कर दिया गया है। आजाद टैक्सी यूनियन, रोपड़ के उपाध्यक्ष कमलजीत सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार ने पहले टैक्स अस्थायी रूप से लेने और बाद में हटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब इसे लगातार बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने इसे वादाखिलाफी करार दिया।