झंडूता उपमंडल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झंडूता में आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सोमवार को एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आपदा प्रबंधन और राहत बचाव कार्यों का अभ्यास किया। मॉक ड्रिल के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झंडूता में भूकंप आने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। भूकंप के बाद अस्पताल में फंसे मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। अभ्यास के दौरान घायलों और मरीजों को प्राथमिक उपचार देने के बाद सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसके बाद उन्हें राहत शिविर के रूप में चिन्हित तहसील कार्यालय झंडूता में स्थानांतरित किया गया, जहां आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था का भी परीक्षण किया गया। तहसीलदार झंडूता विपिन शर्मा ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का आकलन करना था।