घुमारवीं में छोटे बच्चे जान की परवाह किए बिना पत्थरों के ऊपर से सीर खड्ड में छलांग लगा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि साथ में राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव मेला लगा है, जहां पुलिस कर्मी और विभागीय अधिकारी तैनात है। लेकिन इन बच्चों को रोकने वाला कोई नहीं है। जबकि इसी जगह में बच्चों के डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं। यह दृश्य कुश्ती स्थल से मात्र 50 कदम की दूरी पर खुलेआम देखने को मिला। ऊंचे पत्थरों से छलांग लगाकर बच्चे जान जोखिम में डालते रहे, लेकिन इन्हें रोकने की जहमत तक नही उठाई गई। सीर खड्ड पहले भी कई हादसों का गवाह बन चुका है। प्रशासन की ओर से इन स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाकर खड्ड में नहाने और खेलने की सख्त मनाही की गई थी। चेतावनी बोर्ड आज भी मौजूद हैं, लेकिन अफसोस की बात यह है कि इन चेतावनियों का पालन करवाने वाला कोई नहीं है।