केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा सोमवार को बिलासपुर जिला के नौणी पहुंचे। यहां उन्होंने शिमला की ओर बनने वाली फोरलेन परियोजना के कार्यों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। यह परियोजना हिमाचल प्रदेश के लिए अत्यंत महत्वाकांक्षी मानी जा रही है। इसके पूरा होने पर बिलासपुर सहित शिमला, मंडी जिलों के बीच यातायात सुगम होगा। निरीक्षण के दौरान मंत्री के साथ उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार, एसडीएम सदर डॉ. राजदीप सिंह,एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर, विभिन्न विभागों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अजय टम्टा ने नौणी चौक पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण सामग्री, मशीनरी की उपलब्धता और कार्य की गुणवत्ता से जुड़ी विस्तृत जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। मंत्री ने फोरलेन परियोजना के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण से जुड़ी वर्तमान स्थिति के बारे में भी अधिकारियों से जानकारी ली। कहा कि जिन क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया लंबित है, वहां तेजी से कार्रवाई की जाए ताकि परियोजना समय पर पूरी हो सके। उन्होंने इस प्रक्रिया के कारण प्रभावित हो रहे स्थानीय लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुआवजा और पुनर्वास के मामलों को प्राथमिकता पर निपटाया जाए। उन्होंने बरसात से कीरतपुर-मनाली फोरलेन को हुए नुकसान पर भी चिंता व्यक्त की। अधिकारियों को आदेश दिए कि प्रभावित स्थानों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए ताकि यातायात बाधित न हो और आमजन को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।