पुलिस थाना घुमारवीं के अंतर्गत सीर खड्ड पुल के पास स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में मंगलवार रात शातिरों ने सेंध लगाई। चोर मंदिर में रखे दानपात्र से करीब 40 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। चौंकाने वाली बात यह है कि चोरों ने वारदात से पहले मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे का मेमोरी कार्ड भी निकाल लिया। मंदिर के पुजारी नरेंद्र पाल ने बताया कि रोजाना की तरह मंगलवार शाम करीब 8:00 बजे मंदिर में ताला लगाकर वह घर चले गए थे। बुधवार सुबह जब वह मंदिर पहुंचे तो देखा कि मंदिर का ताला टूटा हुआ था। उन्होंने तुरंत मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों को इसकी सूचना दी। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष कमल महाजन और कोषाध्यक्ष आशीष सोनी मौके पर पहुंचे। दानपात्र खोलने पर पाया गया कि उसमें रखी करीब 40 हजार रुपये की नकदी चोरी हो चुकी थी। कमेटी सदस्यों ने बताया कि 28 मई को मंदिर में एक भव्य जगराता हुआ था। तब से लेकर अब तक दान पात्र नहीं खोला गया था। करीब दो महीने की चढ़ाई की राशि वहीं रखी थी। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस थाना घुमारवीं से टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोरों ने पहले मंदिर का ताला तोड़ा और फिर दानपात्र को मंदिर के पीछे ले जाकर उसका ताला तोड़ा। नकदी निकालने के बाद चोरों ने उसमें एक 50 रुपये का नोट छोड़ दिया और दानपात्र को दोबारा मंदिर के भीतर रख दिया, ताकि किसी को संदेह न हो। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मंदिर कमेटी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्र में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाले जा रही है।