तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तहत जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। उपायुक्त राहुल कुमार ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि तंबाकू सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है बल्कि यह समाज के लिए भी एक गंभीर समस्या है। उन्होंने बताया कि शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पूरी तरह से प्रतिबंधित है। साथ ही, 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को तंबाकू उत्पाद या सिगरेट बेचना कानूनन अपराध है। उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू नियंत्रण कानूनों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पहली बार नियम तोड़ने पर 50,000 तक और दोबारा उल्लंघन करने पर 1,00,000 तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि तंबाकू और नशे की लत से युवाओं को दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे जिला प्रशासन का सहयोग कर जिले को तंबाकू मुक्त बनाने के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशि दत्त शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी गोपीचंद, स्वास्थ्य शिक्षण अधिकारी गोपाल कौशल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। रैली में भाग लेने वाले प्रतिभागियों ने तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया और आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।