एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) के बढ़ते खतरे के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए 16 नवंबर को बिलासपुर में जागरूकता रैली निकाली जाएगी। विश्व फार्मेसी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के 33 फार्मेसी कॉलेजों के 1134 विद्यार्थी भाग लेंगे। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश स्टेट अस्पताल फार्मासिस्ट एसोसिएशन, टीचर्स एसोसिएशन और केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पंजीकृत फार्मासिस्ट भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। बिलासपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि मोंटू कुमार पटेल की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षाा मंत्री राजेश धर्माणी और फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मोंटू कुमार पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के तहत सात प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।