जिला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में दो अलग-अलग मामलों में 232 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए हैं। अब पुलिस नशे के इस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए सप्लाई चेन की जांच में जुट गई है। बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव टीम ने यह कार्रवाई यातायात चेकिंग के दौरान की। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में आरोपियों से बरामद नशे की खेप को लेकर बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। पहले मामले में स्पेशल डिटेक्टिव टीम ने बलोह फोरलेन लिंक रोड मल्यावर के पास चेकिंग के दौरान एक बस को रोका। तलाशी के दौरान बस में सवार रूबल निवासी बटाला, जिला गुरदासपुर (पंजाब) के कब्जे से करीब 122 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। दूसरे मामले में पुलिस टीम ने बलोह फोरलेन रोड पर मंदरी घाट के पास यातायात जांच के दौरान एक बस में सवार दो युवकों को पकड़ा। तलाशी लेने पर नीरज कुमार और विकास, दोनों निवासी डैहर, तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी के कब्जे से करीब 110 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि दोनों मामलों में कुल 232 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई केवल नशा बरामद करने तक सीमित नहीं है। उन्होंने बताया कि नशा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और सप्लाई चेन की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।