केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को बिलासपुर के बरठीं में भल्लू सड़क हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। मुलाकात के दौरान नड्डा ने एक-एक परिवार से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और हादसे से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। मृतकों के परिजनों ने अपनी समस्याएं और मांगें केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखीं। कुछ परिवारों ने आर्थिक सहायता बढ़ाने और परिवार के किसी सदस्य को रोजगार देने की मांग की।