झंडूता उपमंडल के विभिन्न क्षेत्रों से सोमवार को जिला परिषद सदस्य पद के लिए प्रत्याशी नामांकन भरने झंडूता मुख्यालय पहुंचे। सुबह से ही मुख्यालय परिसर में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं तथा प्रत्याशियों के साथ बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। नामांकन प्रक्रिया के दौरान कई प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर निर्धारित औपचारिकताएं पूरी कीं। इस दौरान झंडूता बाजार और आसपास के क्षेत्रों में भी काफी चहल-पहल देखने को मिली। समर्थकों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में नारेबाजी कर उत्साह प्रकट किया। प्रशासन की ओर से नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिसकर्मी भी तैनात रहे। नामांकन के बाद कई प्रत्याशियों ने क्षेत्र के विकास, मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने तथा जनता की समस्याओं के समाधान को अपनी प्राथमिकता बताया। जिला परिषद चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्माता नजर आ रहा है।