फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिलासपुर: बरड़ गांव में शराब ठेका खोलने पर बवाल, महिलाओं ने किया हंगामा

Krishan Singh Updated Wed, 25 Jun 2025 05:12 PM IST

विकासखंड झंडूता की ग्राम पंचायत सुन्हाण के गांव बरड़ में खोले गए शराब ठेके के खिलाफ ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। महिलाओं और पुरुषों ने एकजुट होकर ठेके के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साई महिलाओं ने शटर जबरन बंद करवाया और ठेके के बाहर धरने पर बैठ गईं। विरोध की सूचना मिलते ही तलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अस्थायी रूप से ठेके को सील कर दिया, जिसके बाद करीब दो घंटे बाद मामला शांत हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन और सरकार को चेतावनी दी कि यदि ठेका बंद नहीं किया गया तो वे जल्द ही डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार शाम को विभाग और ठेकेदार की मिलीभगत से चुपचाप ठेका खोल दिया गया। जैसे ही बुधवार सुबह दुकान खुली, तो ग्रामीणों को इसकी भनक लगी और उन्होंने तड़के ही विरोध शुरू कर दिया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि जिस स्थान पर ठेका खोला गया है, वहीं से स्कूल जाने का रास्ता गुजरता है। इस रास्ते से रोजाना महिलाएं, छात्राएं और छोटे बच्चे आते-जाते हैं। ऐसे में ठेका खुलने से सामाजिक माहौल खराब होगा और बच्चों पर नकारात्मक असर पड़ेगा। ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में पहले से ही एक शराब ठेका चल रहा है। आबादी के बीच दूसरा ठेका खोलना सरासर गलत है। सरकार एक ओर नशे के खिलाफ अभियान चला रही है, दूसरी ओर आबकारी विभाग गांवों में शराब के अड्डे खोलने पर आमादा है। श्याम सिंह, विचित्र सिंह, मंजू देवी, बीना देवी, प्रमिला देवी, सुखदेव सिंह, सत्या देवी, निशा देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने उपमंडल अधिकारी झंडूता को ज्ञापन सौंपा है और ठेके को तुरंत बंद करने की मांग की है। महिलाओं का कहना है कि वे अपने बच्चों को नशे की गिरफ्त में नहीं जाने देंगी। यदि प्रशासन ने उनकी मांग नहीं मानी तो महिलाएं बच्चों और ग्रामीणों के साथ डीसी कार्यालय का घेराव करेंगी। एसडीएम झंडूता कुनिका एकर्स ने बताया कि ग्रामीणों का ज्ञापन मिला है। मामले की जांच की जा रही है और फिलहाल ठेके को बंद करवा दिया गया है। आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें