श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के जकातखाना पंचायत के जवान पवन कुमार का सोमवार को अरुणाचल प्रदेश में सड़क दुर्घटना में निधन हो गय। पवन बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन में सेवाएं दे रहे थे। बुधवार को गोबिंद सागर झील के किनारे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई। जवान के निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार देर शाम को जब जवान का पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा तो हर किसी की आंखें नम हो गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पवन कुमार की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए भारी संख्या में लोग गांव पहुंचे और उन्हें नम आंखों से विदाई दी। अंतिम संस्कार के दौरान विधायक रणधीर शर्मा, जिला परिषद उपाध्यक्ष मान सिंह धीमान, एसडीएम धर्मपाल, तहसीलदार संजीव प्रभाकर सहित कई प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तथा गणमान्य लोग मौजूद रहे। उन्होंने जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। जवान को राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इसके बाद गोबिंद सागर झील के किनारे अंतिम संस्कार संपन्न हुआ, जहां उनके पुत्र अर्णव धीमान ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि पवन कुमार का निधन क्षेत्र और समाज के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए आश्वासन दिया कि प्रशासन और सरकार हर संभव सहायता करेगी। स्थानीय ग्रामीण भूपेंद्र ने कहा कि पवन कुमार मिलनसार और सरल स्वभाव के इंसान थे। उनके जाने से गांव ने एक सच्चा साथी खो दिया है। उनके साथी जवान देसराज ने भावुक होकर कहा कि पवन कुमार हमेशा ड्यूटी के प्रति समर्पित रहते थे और सभी को प्रेरित करते थे। उनका जाना संगठन और साथियों के लिए बहुत बड़ी कमी है।