शीतला अष्टमी के अवसर पर श्री नयना देवी जी के मुख्य बस अड्डा स्थित शीतला माता के प्राचीन मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और स्थानीय लोगों सहित दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता शीतला के दरबार में माथा टेककर पूजा-अर्चना की तथा आशीर्वाद प्राप्त किया। बताया जाता है कि बस अड्डा के समीप स्थित शीतला माता का यह मंदिर काफी प्राचीन है और शीतला अष्टमी के दिन यहां विशेष रूप से पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाता है। श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचकर अपने परिवार और बच्चों की सुख-समृद्धि तथा अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं। सुबह के समय से ही श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचने लगे थे। मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई और श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में शीश नवाकर मनोकामनाएं मांगी। दिनभर मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा। मंदिर के पुजारी लक्की शर्मा ने बताया कि शीतला अष्टमी के अवसर पर माता के दरबार में विशेष पूजन किया गया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं ने माता शीतला से विश्व शांति, भाईचारे और सभी के कल्याण की प्रार्थना की।