हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बंदला में रविवार को तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने 10 किलोवाट क्षमता के सोलर इन्क्यूबेशन प्लांट का उद्घाटन किया। यह प्लांट केके फाउंडेशन की ओर से कॉलेज को प्रदान किया गया है। इस दौरान मंत्री राजेश धर्माणी ने केके फाउंडेशन के चेयरमैन केके कश्यप का आभार जताते हुए कहा कि इस पहल से छात्रों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को सोलर एनर्जी जनरेट करने सहित आधुनिक तकनीकों की जानकारी मिलेगी और उन्हें प्रैक्टिकल प्रशिक्षण भी प्राप्त होगा। मंत्री ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियां जारी रहेगी, जिससे तकनीकी शिक्षा को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने केके कश्यप की सराहना करते हुए कहा कि फाउंडेशन के माध्यम से कई बच्चों को शिक्षा उपलब्ध करवाई जा रही है और वे सामाजिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। इसके साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि परमवीर चक्र विजेता कैप्टन संजय कुमार के घर के समीप स्थित कलोल पॉलिटेक्निक कॉलेज में भी इसी तरह का सोलर इन्क्यूबेशन प्लांट स्थापित किया जाए।