प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। भारत न केवल आर्थिक रूप से दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है, बल्कि वैश्विक मंच पर भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा चुका है। श्री नयना देवी विधानसभा में आयोजित संकल्प से सिद्धि अभियान के तहत कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्ष के दौरान रूस-यूक्रेन युद्ध या इजरायल-ईरान संघर्ष जैसे अंतरराष्ट्रीय संकटों में भी भारत ने अपने नागरिकों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित की, जो किसी भी सशक्त नेतृत्व की पहचान है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की 60 वर्ष की सरकार की तुलना में मोदी सरकार के 11 साल अधिक विकास पूर्ण और निर्णायक रहे हैं। प्रधानमंत्री ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है और इसके लिए हर नागरिक को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। खारसी, निहारखन और बासला में अनुराग ने कहा कि एक देश, एक चुनाव को समय की आवश्यकता है। बार-बार चुनाव होने से न केवल सरकारी संसाधनों की बर्बादी होती है, बल्कि कानून व्यवस्था, शिक्षा और प्रशासन पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान शिक्षक, पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी चुनाव ड्यूटी में लग जाते हैं, जिससे आम जनता को न्याय और विद्यार्थियों को पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी केवल विरोध की राजनीति कर रही है। जब कांग्रेस से किसी विषय में विरोध के कारण पूछे जाते हैं, तो उनके पास कोई ठोस जवाब नहीं होता। उन्होंने जनता से अपील की कि वे राष्ट्रवादी विचारधारा वाली भाजपा को मजबूत करें और देशविरोधी ताकतों को करारा जवाब दें। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने केवल विकास ही नहीं किया, बल्कि हर संकट में दुनिया को दिखाया कि नेतृत्व क्या होता है।