पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में शनिवार सुबह 9 बजे तक बिलासपुर जिले की 58 ग्राम पंचायतों में 19.22 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कुल 87,069 मतदाताओं में से 16,738 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं। जिले में सुबह से बारिश हो रही है,इसके बावजूद लोग वोट करने पहुंच रहे हैं। जिले में महिला मतदाताओं ने पुरुषों की तुलना में अधिक उत्साह दिखाया। 43,591 महिला मतदाताओं में से 9,325 महिलाओं ने मतदान किया, जिससे महिला मतदान प्रतिशत 21.39 रहा। वहीं 43,477 पुरुष मतदाताओं में से 7,413 ने वोट डाले और पुरुष मतदान प्रतिशत 17.05 दर्ज किया गया। झंडूता विकास खंड मतदान प्रतिशत के मामले में सबसे आगे रहा। यहां 22,267 मतदाताओं में से 4,799 ने मतदान किया, जिससे मतदान प्रतिशत 21.55 दर्ज किया गया। इसके बाद सदर विकास खंड में 18.25 प्रतिशत, घुमारवीं में 19.18 प्रतिशत तथा श्री नयना देवी जी विकास खंड में 15.86 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार सभी मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी रही। प्रशासन ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। मतदान को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।