यमुनानगर नगर निगम कार्यालय में लगे समाधान शिविर में पशु डेयरी हटवाने समेत प्रॉपर्टी आईडी संबंधित तीन शिकायतें आईं। उप निगम आयुक्त डॉ. विजय पाल यादव ने लोगों की समस्याएं सुनीं। डॉ. विजय पाल यादव ने हर शिकायतकर्ता की शिकायत को सुना और संबंधित अधिकारियों को उनकी जांच कर जल्द निवारण करने के आदेश दिए। इनके अलावा शिविर में कुछ लोग लंबित शिकायतों के समाधान के लिए भी पहुंचे। जिनका संबंधित अधिकारी ने स्टेटस जांचा गया। कुछ शिकायतकर्ता परिवार पहचान पत्र से संबंधित समस्या लेकर आए। जिन्हें तुरंत पीपीपी जेड क्रिम के पास समाधान के लिए भेजा गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी समाधान शिविर में आई हर शिकायत को गंभीरता से लेकर जल्द उनका निवारण करें। लंबित शिकायत का तय समय सीमा से पूर्व समाधान करना सुनिश्चित करें। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे नगर निगम संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या का समाधान कराने के लिए समाधान शिविर में शिकायत दे सकते हैं। मौके पर एक्सईएन नरेंद्र सुहाग, क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अजय वालिया, सहायक नगर योजनाकार आशीष, बीआई नरेश दहिया आदि मौजूद रहे।