यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक थाना प्रभारी संदीप कुमार ने शहर में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान शहर के विभिन्न चौक-चौराहों, विशेष रूप से माता अहिल्याबाई होलकर चौक पर सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत काली फिल्म (ब्लैक फिल्म) लगी गाड़ियों को निशाना बनाते हुए कई वाहन चालकों के चालान किए गए, वहीं कई वाहनों को इंपाउंड करने की चेतावनी भी दी गई। कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर ही कई वाहनों की काली जालियां उतरवाईं। थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि काली फिल्म लगे वाहन न केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हैं, बल्कि कई बार अवैध और अनैतिक गतिविधियों में भी इनका इस्तेमाल होता है, जिससे ऐसे वाहनों में बैठे लोगों की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही वाहन चालकों को जागरूक करते हुए हेलमेट पहनने की भी अपील की गई। उन्होंने बताया कि सड़क हादसों में सिर पर चोट लगने से कई लोगों की जान चली जाती है, जिसे हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है। ट्रैफिक थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, काली फिल्म का उपयोग न करें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। पुलिस प्रशासन का यह अभियान शहर में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।