यमुनानगर। नगर निगम की कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को भी जारी रही। कर्मचारियों की हड़ताल को एक सप्ताह हो गया है। इसके साथ ही कर्मचारियों की हड़ताल अब 15 अगस्त तक जारी रहेगी। कर्मचारियों ने हड़ताल के दौरान बुधवार को नगर निगम कार्यालय में धरना देकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व यमुनानगर इकाई के प्रधान पपला, सचिव सुभाष ने किया। इस दौरान उन्होंने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की घोषणा की है। इस दौरान राज्य महासचिव मांगे राम तिगरा, राजकुमार ससोली, उपप्रधान रमन, प्रधान सनी, सह सचिव संजीत तिगरा, कोषाध्यक्षर संजय गहलोत, मुख्य संगठनकर्ता अमित, संगठन सचिव श्यामलाल जठलान, संजय डुलगच, प्रेस सचिव कन्हैया ने कहा कि मई में कर्मचारियों ने 13 दिन तक हड़ताल की थी। उस दौरान सरकार ने 22 सूत्रीय मांगपत्र में से 17 मांगें मानते हुए 30 जून तक संबंधित पत्र जारी करने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि अब तक न तो कोई पत्र जारी किया गया और न ही किसी कर्मचारी को पक्का किया गया। इसके बाद राज्य कमेटी के प्रतिनिधिमंडल की सरकार के साथ 29 जुलाई और पांच अगस्त को दो बार बातचीत हुई, लेकिन हर बार सरकार की ओर से आश्वासन और बहाने ही मिले। इसके चलते 12 से 15 अगस्त तक चार दिन के लिए हड़ताल आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सभी पे-रोल सफाई कर्मचारियों को पक्का करने, ठेकेदारी प्रथा समाप्त कर कर्मचारियों को विभाग के रोल पर लेने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, सफाई कर्मचारियों को 2000 रुपये जोखिम भत्ता देने और एक्सग्रेशिया की शर्तों में बदलाव की मांग की गई। उन्होंने कहा कि मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन जारी रहेगा। इससे जनता को होने वाली परेशानी की जिम्मेदारी सरकार की होगी। -------