अखिल भारतीय राज्य सरकारी पेंशनर फेडरेशन के आह्वान पर रिटायर्ड कर्मचारी संघ यमुनानगर ने मांग दिवस के अवसर पर उपायुक्त कार्यालय पर जोरदार रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान जोत सिंह रावत ने की, जबकि संचालन जिला सचिव सोमनाथ ने किया। प्रदर्शन के बाद उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। जिला प्रधान जोत सिंह रावत, सीटू नेता सतपाल सैनी, किसान सभा के जिला प्रधान जरनैल सिंह सागवान, सर्व कर्मचारी संघ के राज्य प्रेस सचिव गुलशन भारद्वाज और विनोद त्यागी ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार पेंशनरों के अधिकारों में कटौती कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आठवें वेतन आयोग के लाभ से रिटायर्ड कर्मचारियों को वंचित रखने, पुरानी पेंशन योजना समाप्त कर यूनिफाइड पेंशन स्कीम लागू करने और अन्य नीतियों के जरिए पेंशनरों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एलटीसी स्कीम के नाम पर पुराने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है और कैशलेस मेडिकल सुविधा भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही। इसके अलावा श्रम कानूनों में बदलाव कर कर्मचारियों की एकता को तोड़ने का प्रयास हो रहा है, जिसका संगठन कड़ा विरोध करता है।