यमुनानगर में एक पुलिसकर्मी के नशे में धुत होकर तेज रफ्तार कार चलाने से बड़ा हादसा टल गया। आरोपी पुलिसकर्मी ने सड़क किनारे खड़ी चार कारों और दो एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय सड़क पर और दुकानों के बाहर मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए दुकानों के अंदर घुस गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार अचानक तेज गति से आई और एक के बाद एक खड़ी गाड़ियों से टकराती चली गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। हादसे के बाद लोगों ने कार से चालक को बाहर निकाला तो पता चला कि वह पुलिस की वर्दी में था और नशे में धुत था। उसकी तलाशी लेने पर आई-कार्ड से उसकी पहचान पुलिसकर्मी के रूप में हुई।