शहर की शास्त्री कॉलोनी में रविवार सुबह एक मोबाइल एसेसरीज की दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। घटना के समय दुकान खुली हुई थी और अंदर कर्मचारी काम कर रहे थे। दुकान मालिक रमनदीप ने बताया कि रोजाना की तरह सुबह दुकान खोली गई थी। इसी दौरान अचानक दुकान में आग भड़क उठी। आग लगते ही वहां मौजूद कर्मचारी तुरंत बाहर निकल आए, लेकिन शालिनी नामक एक युवती अंदर ही फंस गई। शालिनी हमीदा क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है और पिछले करीब 10 महीनों से दुकान पर काम कर रही थी। बताया जा रहा है कि दुकान में रखे प्लास्टिक सामान के कारण धुआं तेजी से फैल गया, जिससे शालिनी बेहोश हो गई। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत बाहर निकालकर यमुनानगर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया रमनदीप इंटरप्राइजेज नाम से यह दुकान वर्ष 2011 से शास्त्री कॉलोनी में संचालित हो रही है। आग लगने से दुकान में रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।