फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यमुनानगर में दोस्तों के साथ घर से निकले युवक का रेलवे रोड पर मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

रेलवे रोड डिवाइडर पर शनिवार सुबह मिले युवक के शव की गुत्थी उलझती जा रही है। मृतक की पहचान सुंदर नगर निवासी 31 वर्षीय संजीव उर्फ सन्नी के रूप में हुई है। संजीव अपने घर का इकलौता चिराग था और रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों ने उसकी हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। दोस्तों के साथ घर से निकला, फिर नहीं लौटा मृतक के चचेरे भाई अंकित ने पुलिस को बताया कि 11 जून की रात करीब 8 बजे संजीव घर पर ही था। इसी दौरान उसके दो दोस्त आए और उसे अपने साथ ले गए। इसके बाद वह पूरी रात वापस नहीं लौटा। परिजनों ने लगातार उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो पाई। रिश्तेदारों और परिचितों से काफी पूछताछ के बाद भी संजीव का कोई सुराग नहीं मिला। दो दिन बाद मिली मनहूस खबर 13 जून की सुबह परिजनों को सूचना मिली कि रेलवे रोड पर भोला कढ़ी-चावल की दुकान के सामने डिवाइडर पर एक युवक का शव पड़ा है। सूचना पाकर परिजन तुरंत सिटी थाना पहुंचे, जहां पुलिस द्वारा दिखाई गई तस्वीर देखकर उन्होंने शिनाख्त संजीव उर्फ सन्नी के रूप में की। इन संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए परिवार का सीधा आरोप है कि संजीव की हत्या कर शव को रेलवे रोड पर लाकर फेंका गया है। उन्होंने पुलिस से संजीव को साथ ले जाने वाले दोस्तों से सख्ती से पूछताछ करने की मांग की है। चार बहनों का इकलौता सहारा था संजीव संजीव की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। करीब चार साल पहले पिता के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी संजीव के कंधों पर आ गई थी। वह चार बहनों का इकलौता भाई और घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। परिवार इन दिनों उसकी शादी के लिए रिश्ता भी तलाश रहा था। इस अचानक हुई मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की सघन जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू (दोस्तों से पूछताछ, कॉल डिटेल्स, और सीसीटीवी फुटेज) को खंगाला जा रहा है। शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें