यमुनानगर। अपराध शाखा-2 यमुनानगर की टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हिमाचल नंबर की एस-प्रेसो कार से 5 किलो 718 ग्राम चरस बरामद की है। बरामद चरस की कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने कार सवार हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मिलापचंद निवासी जटहेड़ और नितेश कुमार उर्फ निटू निवासी कांडाधारा के रूप में हुई है। डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देश पर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अपराध शाखा-2 के प्रभारी राकेश कुमार की टीम को सूचना मिली थी कि हिमाचल नंबर की सफेद कार में कुछ लोग नशीला पदार्थ लेकर नेशनल हाईवे से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर उप निरीक्षक सुरेंद्र, एएसआई अरुण, सुनील, मुख्य सिपाही राजीव और सिपाही अमित की टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने छप्पर रेस्ट हाउस के पास नाकाबंदी कर कार नंबर एचपी01 एए 0729 को रोक लिया। कार की तलाशी के दौरान 5 किलो 718 ग्राम चरस बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान चरस की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लाते थे और किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करते थे। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।