दिल्ली का सीएम चुनने में हरियाणा भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने अहम भूमिका निभाई। विधायक दल का नेता चुनने के लिए पार्टी ने धनखड़ को पूर्व केंद्रीय रवि शंकर प्रसाद के साथ केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। लोकसभा चुनाव में भी धनखड़ को दिल्ली का चुनाव प्रभारी बनाया गया था। पार्टी को सभी सात लोकसभा सीटों पर विजयश्री प्राप्त हुई थी। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद धनखड़ ने रेखा गुप्ता को शगुन भी दिया। वहीं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और सीएम नायब सैनी ने रेखा गुप्ता को बधाई दी। मनोहर ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर रेखा गुप्ता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं आपके कुशल नेतृत्व में दिल्ली की डबल इंजन सरकार सुशासन एवं समग्र विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।