सोनीपत के छोटूराम स्मारक समिति की ओर से शनिवार को गोहाना रोड स्थित छोटूराम धर्मशाला में दो दिवसीय छोटूराम जयंती समारोह आयोजित किया गया। विद्यार्थियों के बीच भाषण और गीत-भजन-रागनी प्रतियोगिता आयोजित की गई और विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। पद्मश्री से नामांकित साहित्यकार एवं समिति के सह सहसचिव डॉ. संतराम देशवाल ने कहा कि दीनबंधु छोटूराम नहीं होते,तो किसान गरीब ही रहते। उन्होंने गरीबों का उद्धार किया। दीनबंधु छोटूराम ही भाखड़ा बांध के असली निर्माता थे। समय-समय पर समाज के उद्धार के लिए दीनबंधु छोटूराम जैसे महापुरुष जन्म अवश्य लेते हैं। इस दौरान समिति के महासचिव जयलाल मान ने धर्मशाला की उपलब्धियों से अवगत करवाया। उन्होंने दीनबंधु छोटूराम को ऐसा किसान मसीहा और गरीबों का उद्धारक बताया, जिसने अपनी मृत्यु से एक दिन पहले भाखड़ा बांध निर्माण की परियोजना पर हस्ताक्षर किए थे। इस दौरान कोषाध्यक्ष जगजीत सिंह मलिक, मेहताब सिंह दहिया, रमेश लठवाल, रणधीर सिंह सांगवान भी मौजूद रहे।