पुरानी तहसील के पास शिव कॉलोनी निवासी एक युवक के साथ में मारपीट का मामला सामने आया है। युवक डिलीवरी देने गया था, जहां खुद को डीएसपी बताने वाले कार सवार और उसके साथी ने उसके साथ जमकर मारपीट की। पीडि़त के शरीर पर 12 चोटें आई हैं। मामले की शिकायत के बाद सिटी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। शिव कॉलोनी निवासी रितिक एक निजी कंपनी में डिलीवरी ब्वॉय के तौर पर कार्यरत हैं। वह 1 मई की रात करीब 11 बजे वह पुरानी तहसील के पास एक गली में डिलीवरी देने गए थे। गली के आगे रास्ता बंद था। इसी बीच एक सवार युवक वहां पहुंच गया। वह आते ही डिलीवरी ब्वॉय को गालियां देने लगा। साथ ही वह रितिक को पीटना शुरू कर दिया। जब रितिक ने गाली देने के बारे में पूछा तो आरोपी ने अपने साथी को मौके पर बुला लिया। इसके बाद उसके साथी ने आते ही रीतिक पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में रितिक को शरीर पर करीब 12 गंभीर चोटें आईं है। कार चालक खुद को डीएसपी बता रहा था। उन्होंने उनके बैग की तलाशी भी ली। बाद में धमकी देकर चले गए। घटना की सूचना मिलने पर रितिक के परिजन उन्हें लेकर नागरिक अस्पताल में पहुंचे। जहां से उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। परिजन उन्हें निजी अस्पताल में ले गए। मामले की सूचना के बाद पुलिस ने घायल के बयान पर कार चालक व उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों की पहचान की जा रही है। उनका जल्द पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।