मौसम में बदलाव के साथ ही लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। वीरवार देर रात तेज हवा के साथ शुरू हुई हल्की बारिश का सिलसिला शुक्रवार सुबह तक रुक-रुक कर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक बारिश के आसार बने रहेंगे। बारिश के चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी आई है। देर रात करीब एक बजे तेज हवा व बाद में आई हल्की बारिश से मौसम सुहावना हो गया। हालांकि तेज हवाओं के कारण ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली निगम की टीमें स्थिति का आकलन कर रही हैं और रिपोर्ट तैयार की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी है। बारिश से अनाज मंडियों में नुकसान हुआ है। खुले में रखा गेहूं भीग गया। अनुमान है कि मंडियों में करीब डेढ़ लाख क्विंटल गेहूं भीग गया। मौसम विभाग ने बताया कि आगामी कुछ दिनों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना बनी हुई है।