सोनीपत के खस्ताहाल ककरोई रोड का निर्माण न करने व पुलिया पर छोड़े गए सरिये में फंसकर बाइक सवार के गिरने के विरोध में ग्रामीणों ने वीरवार को अनोखा प्रदर्शन किया। उन्होंने जिला पार्षद संजय बड़वासनी व सरपंच कर्मबीर फौजी के नेतृत्व में सड़क पर ईख बोया और चारपाई बिछाकर जलपान किया। जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने कहा कि सोनीपत-ककरोई मार्ग काफी समय से खस्ताहाल में है। लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। ग्रामीण प्रशासन को अवगत करा चुके है, लेकिन अनदेखी का खामियाजा आमजन भुगत रहे है। लोक निर्माण विभाग की ओर से पुलिया बनाने के बाद सरिये भी सड़क पर छोड़ दिए गए। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर एक सप्ताह में सड़क पर बने गड्ढे नहीं भरे तो पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने झोटा बांधने को मजबूर होंगे। साथ ही लोगों ने कई गांव की पंचायत करके मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलने का निर्णय लिया। जिससे जिलाभर की सड़कों का निर्माण किया जा सके।