केंद्रीय शहरी विकास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि गन्नौर क्षेत्र में 537 एकड़ में बन रही एशिया की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय फल-फूल एवं बागवानी मंडी का काम 400 दिन में पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। यहां चल रहे निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करवाया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय फल-फूल एवं बागवानी मंडी बनने से प्रदेश के किसानों के जीवन में नई क्रांति आएगी। सब्जी उत्पादक किसानों के लिए आय दोगुनी ही नहीं, बल्कि तीन गुना हो सकेगी। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल रविवार को करनाल निकाय चुनाव में मतदान करने के बाद दिल्ली लौटते समय गन्नौर की अंतरराष्ट्रीय फल-फूल एवं बागवानी मंडी पहुंचे। मंडी में निर्माण कार्यों सहित तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंडी में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को जल्द काम पूरा करवाने के निर्देश दिए। मनोहर लाल ने कहा कि मंडी में छोटे-मोटे कार्य अधूरे हैं, उन्हें जल्द पूरा करवाया जाएगा। मंडी का कार्य पूर्ण होने के बाद आसपास के क्षेत्र में उन्नति होगी। गन्नौर अंतरराष्ट्रीय फल-फूल एवं बागवानी मंडी की आधारशिला कांग्रेस राज में राहुल गांधी ने रखी थी, लेकिन अब तक मंडी का कार्य पूरा नहीं हो पाया है। भाजपा ने मंडी के निर्माण को जल्द पूरा करवाने का जिम्मा उठाया है।