रविवार सुबह अचानक छाए कोहरे के कारण अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में चार महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। उनमें एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। सुबह कंवाली गांव के पास दो ऑटो आमने-सामने टकरा गए, जिससे गांव कंवाली से बारोटा स्थित ड्राई फ्रूट फैक्टरी में काम पर जा रही कोकिला, शिवानी, पूजा और सुनीता घायल हो गईं। हादसे में ऑटो चालक सोनीपत निवासी वसीम को भी चोटें आईं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं गांव नसीरपुर बांगर के पास पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में उत्तर प्रदेश के बागपत जिला निवासी फैजल ट्रैक्टर के नीचे दब गए। उसे गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। कोहरे के चलते सुबह के समय दृश्यता बेहद कम होने के कारण दोनों हादसे हुए। अचानक छाए कोहरे से जनजीवन प्रभावित रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे अचानक कोहरा छा गया। सात बजे तक दृश्यता घटकर महज 10 मीटर रह गई, जिससे सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। आठ बजे तक दृश्यता 50 मीटर तक सुधरी, जबकि शहर में सुबह साढ़े नौ बजे कोहरा छंटा। ग्रामीण क्षेत्रों में हालात ज्यादा खराब रहे, जहां दोपहर 12 बजे के बाद जाकर कोहरे से राहत मिली। तापमान में गिरावट, ठंड का असर बरकरार मौसम विभाग के अनुसार सरगथल केंद्र पर न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जगदीशपुर केंद्र पर न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री और अधिकतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर करीब 6 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे ठंड का असर बना रहा।