नेशनल हाईवे-44 पर बीसवां मिल चौक के पास दर्दनाक सडक़ हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। वह पैदल ही सडक़ पार कर रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मूलरूप से बिहार के जिला मुंगेर के गांव बेहरारड़ा हॉल बढ़मलिक स्थित दुर्गा कॉलोनी निवासी अलंकार सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके भतीजे रंजीत कुमार सिंह (29) ट्रक चालक थे।वह करीब आठ साल से बीसवां मील क्षेत्र में रहकर चालक का काम करते थे। वह फिलहाल चार साल से राजेश कुमार के ट्रक पर चालक थे। अलंकार सिंह सोमवार रात को ड्यूटी खत्म कर पैदल ही कमरे की तरफ जा रहे थे। वह बीसवां मील चौक से आगे ढाबे के सामने हाईवे को पार करने लगे तो किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। राई थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने अलंकार के बयान पर वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया अलंकार सिंह ने बताया कि रंजीत कुमार के पास तीन छोटे बच्चे हैं। हादसे में परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। वहीं चालक का काम कर परिवार का लालन-पालन कर रहे थे। हादसे के बाद उनकी पत्नी बार-बार बेसुध हो रही है।