बच्चाें में 29 वर्ष से शिक्षा की अलख जगाकर उनका भविष्य उज्ज्वल बनाने वाली हरियाणा की शिक्षिका सुनीता ढुल को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार मिलेगा। शिक्षक दिवस पर 5 सितंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुनीता ढुल को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित करेंगी। उन्हें पुरस्कार मिलने पर परिजनों के साथ विद्यालय में भी हर्ष का माहौल है। गोहाना रोड स्थित छाेटूराम कॉलोनी निवासी 52 वर्षीय सुनीता ढुल मुरथल अड्डा स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में भूगोल व सामाजिक विज्ञान विषय की अध्यापिका हैं। उन्होंने भूगोल विषय को खेल व विद्यार्थियों में रचनात्मकता को बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियों से आसान बनाया। बचपन से पढ़ने व पढ़ाने में रूचि रखने वाली सुनीता ढुल अपने अनुभव से कई बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बना चुकी हैं। आज उन्हीं के पढ़ाए बच्चे एसडीएम, बीडीपीओ, प्राचार्य व प्राइवेट क्षेत्र में एमडी के पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यह देखकर उनके मन में अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है। उनका बेटा अध्ययन ढुल बीटेक की पढ़ाई करने के बाद ऑस्ट्रेलिया में निजी कंपनी में कार्यरत है, जबकि बेटी वंशिका अशोका विश्वविद्यालय से बीएससी मनोविज्ञान ऑनर्स की पढ़ाई कर रही हैं।