विधायक निखिल मदान ने मेयर राजीव जैन और पार्षद नवीन तंवर के साथ मिलकर वार्ड 17 में होने वाले विकास कार्यों का नारियल तोड़कर शुभारंभ किया। नगर निगम की ओर से इस कार्य पर 1.79 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विधायक निखिल मदान ने बताया कि वेस्ट रामनगर, दहिया कॉलोनी, मायापुरी, शीशराम बाग कॉलोनी में गलियों के टूटने और जलभराव की शिकायतें सामने आ रही थी। समस्या संज्ञान में आने के बाद उन्होंने अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से टूटी हुई सभी गलियों को पक्का करने के निर्देश दिए थे। अब कालोनियों में गलियों के पुनर्निर्माण कार्य को शुरू किया गया है जो जल्द ही पूरा होगा। मेयर राजीव जैन ने कहा कि वार्ड 17 की कालोनियों में सीवर व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति के लिए नगर निगम ने पाइपलाइन दबाई था। उसके बाद गलियों की मरम्मत नहीं की गई थी, जिसके चलते लोगों को आवागमन में समस्या आ रही थी। अब कुछ गलियां सीसी से पक्की की जाएगी, कुछ में मास्टिक की परत बिछाई जाएगी। उन्होंने पूरे कार्य को तय समय सीमा में करने के निर्देश संबंधित एजेंसी को दिए हैं। इस दौरान मनोनीत पार्षद चरण सिंह जोगी, नरेश वर्मा, सूबे सिंह, महावीर, संदीप मलिक, राजपाल, सचिन, महावीर बाल्यान, अजीत कुमार, दीपक, पवन तनेजा भी मौजूद रहे।