कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ललित कला विभाग में कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें बतौर मुख्यातिथि राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. रविंद्र बालियाला पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित की गई कला का अवलोकन किया और सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह कला प्रदर्शनी न केवल विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं, बल्कि उनकी रचनात्मकता को भी नए आयाम प्रदान करती हैं। विद्यार्थियों को अपने कला कौशल को और अधिक निखारने के लिए प्रेरित किया और उन्हें राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। विभागाध्यक्ष डॉ. गुरचरण सिंह ने कहा कि यह प्रदर्शनी विभाग के विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कल्पना शक्ति और तकनीकी कौशल को उजागर करती है।