सोनीपत। उपायुक्त नेहा सिंह ने मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आमजन को प्रदान की जा रही विभिन्न सरकारी सेवाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अलग-अलग खिड़कियों पर पहुंचकर कार्यप्रणाली की जानकारी ली। वहां अपने कार्यों के लिए पहुंचे लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं के बारे में जाना। उपायुक्त ने जमाबंदी, लाइसेंस, डोमिसाइल प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं से संबंधित खिड़कियों का निरीक्षण किया। उन्होंने नागरिकों से भी बातचीत करते हुए पूछा कि उन्हें सरकारी सेवाएं लेने में किसी प्रकार की दिक्कत या अनावश्यक परेशानी तो नहीं हो रही है। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरल केंद्र में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक एवं अच्छा व्यवहार किया जाए और उसके कार्य को नियमानुसार पूरा किया जाए। बेवजह चक्कर कटवाने की शिकायत मिली तो होगी कार्रवाई उपायुक्त ने अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्यालय में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति अपनी समस्या के समाधान और सरकारी सेवा का लाभ लेने की उम्मीद के साथ आता है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय या बार-बार चक्कर न कटवाए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि किसी दस्तावेज या प्रक्रिया में कमी है तो आवेदक को जानकारी दी जाए, ताकि वह आवश्यक दस्तावेज पूरे करके अपना कार्य करवा सके। किसी कर्मचारी के खिलाफ लोगों को परेशान करने, अनावश्यक रूप से चक्कर कटवाने अथवा कार्य में लापरवाही बरतने की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लर्निंग लाइसेंस टेस्ट लैब का भी किया निरीक्षण उपायुक्त ने लर्निंग लाइसेंस के लिए आयोजित किए जाने वाले टेस्ट की लैब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से टेस्ट की प्रक्रिया व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि लर्निंग लाइसेंस के लिए होने वाला टेस्ट पूरी पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के अनुसार आयोजित किया जाए। टेस्ट प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या पक्षपात की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।