सोनीपत। कुमासपुर स्थित नंदीशाला में चारे की कमी समेत अन्य अव्यवस्थाओं का आरोप लगाते हुए गोसेवक शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचे। हरियाणा गोशाला महासंघ से जुड़े प्रतिनिधियों, संत गोपालदास और अन्य गोसेवकों ने नंदीशाला में गोवंश के लिए पर्याप्त चारे-पानी की व्यवस्था नहीं होने का मेयर राजीव जैन के समक्ष मुद्दा उठाया। उन्होंने समस्या के स्थायी समाधान के लिए नंदीशाला का संचालन नगर निगम की ओर से अपने स्तर पर संभालने का सुझाव भी दिया। गोसेवकों ने आरोप लगाया कि नंदीशाला में पर्याप्त चारा नहीं मिलने से गोवंश की हालत खराब हो रही है। गोवंश की देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा नंदीशाला में आने वाले गौसेवकों और अन्य लोगों के साथ उचित व्यवहार नहीं किए जाने व गोसेवा के लिए दान देने वालों को दान स्वीकार नहीं करने की शिकायत भी मेयर के सामने रखी गई। मेयर के कहने पर गोसेवक और प्रतिनिधि कुमासपुर नंदीशाला पहुंचे। उन्होंने मौके पर गोवंश के लिए चारे-पानी, रखरखाव और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मेयर ने कहा कि नंदीशाला में गोवंश के रखरखाव को लेकर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दान लेने की शिकायत पर ठेकेदार को दिए निर्देश गौसेवकों की ओर से दान लेने को लेकर की गई शिकायत पर मेयर ने संबंधित ठेकेदार को मौके पर बुलाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों के तहत नंदीशाला का ठेकेदार दान नहीं ले सकता। मेयर ने ठेकेदार को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि नंदीशाला में आने वाले गौसेवकों और अन्य लोगों के साथ उचित व्यवहार किया जाए तथा व्यवस्थाओं में पारदर्शिता रखी जाए। गोसेवकों ने नंदीशाला की नियमित मॉनिटरिंग के साथ गोवंश के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही सुझाव दिया कि निगम नंदीशाला का संचालन स्वयं संभाले, ताकि चारे-पानी और रखरखाव की व्यवस्था की नियमित निगरानी हो सके। मेयर ने आश्वासन दिया कि नंदीशाला की मॉनिटरिंग की जाएगी और गोवंश के रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।