सोनीपत। बाल दिवस के उपलक्ष्य में जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से बाल भवन में जिला स्तरीय बाल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। उपायुक्त एवं जिला बाल कल्याण परिषद की अध्यक्ष नेहा सिंह ने प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। पहले दिन रंगोली, क्ले मॉडलिंग, स्केचिंग, ऑन-द-स्पॉट पोस्टर मेकिंग और फन गेम्स में करीब 410 बच्चों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताएं 3 नवंबर तक चलेंगी, जिनमें 36 विधाओं में विद्यार्थी हुनर दिखाएंगे। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने रंगोली में रंगों के आकर्षक संयोजन से सुंदर आकृतियां बनाईं। क्ले मॉडलिंग में मिट्टी से कलात्मक वस्तुएं तैयार कीं, जबकि स्केचिंग और पोस्टर मेकिंग में अपनी कल्पनाशीलता और कला का प्रदर्शन किया। फन गेम्स में भी बच्चों ने उत्साह से भाग लिया। रचनात्मक गतिविधियों से बढ़ता है आत्मविश्वास उपायुक्त नेहा सिंह ने बच्चों की प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ कला, संस्कृति, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी भी जरूरी है। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों की छिपी प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और उनमें अनुशासन व स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में मदद करती हैं। प्रत्येक बच्चे को उसकी रुचि और योग्यता के अनुसार आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए। जिला बाल कल्याण अधिकारी आरती ने कहा कि परिषद बच्चों को सकारात्मक वातावरण और प्रतिभा प्रदर्शन के लिए उचित मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार गतिविधियां आयोजित करती है। इनसे बच्चों में आपसी सहयोग और आत्मविश्वास बढ़ता है। कार्यक्रम का मंच संचालन पीजीटी सुनीता ने किया।