गोहाना। लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम अंकित कुमार ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनका समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और हर शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए। शिविर में दुराना गांव में नाले की निकासी, परिवार पहचान पत्र में आय सत्यापन, बिजली कनेक्शन और अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं। कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई की गई, जबकि शेष शिकायतों के जल्द समाधान का भरोसा दिया गया। एक शिकायत मिलने पर एसडीएम स्वयं अधिकारियों के साथ परशुराम चौक से मिगलानी कॉलोनी तक पहुंचे और नालों का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को नालों की सफाई तुरंत कराने के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। संवाद न्यूज एजेंसी, गोहाना