हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के आह्वान पर कर्मचारियों ने बुधवार को सोनीपत डिपो में दो घंटे प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद महाप्रबंधक को परिवहन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन का संचालन अनिल आंतिल ने किया। मोर्चा नेताओं रामपत गोरड़, रविंद्र, राकेश दहिया, दिनेश, संदीप, प्रवीण, सोमबीर, संदीप मलिक, संजीव, नीरज, देवी लाल व मनजीत पहल सहित अन्य ने कहा कि 25 जुलाई को परिवहन मंत्री ने कर्मचारियों को 15 दिन के भीतर वार्ता के लिए बुलाने का आश्वासन दिया था, लेकिन समय बीतने के बाद भी बैठक नहीं बुलाई गई। इससे कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने कहा कि रोडवेज में चालक, परिचालक, हेल्पर और मैकेनिकों के हजारों पद खाली हैं, जिन पर भर्ती की जाए। कर्मचारियों ने परिचालकों व चालकों का पे-ग्रेड बढ़ाने, जोखिम भत्ता देने, स्टैंड इंचार्ज के पद सृजित करने, 2016 में भर्ती चालकों को पक्का करने और 2018 के कर्मशाला कर्मचारियों को तकनीकी पदों पर पदोन्नति देने की मांग की। इसके अलावा एचकेआरएन के माध्यम से लगे परिचालकों समेत सभी कर्मचारियों को पक्का करने, इलेक्ट्रिक बसों की ठेका व्यवस्था खत्म करने, अर्जित अवकाश का लाभ बहाल करने तथा कार्यालय सहायकों के पद बढ़ाकर लिपिकों को पदोन्नति देने की मांग उठाई गई। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द मांगों का समाधान नहीं किया तो कर्मचारी 5 सितंबर को प्रदेशभर में राज्यव्यापी हड़ताल करेंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारी आम जनता को परेशानी नहीं देना चाहते, लेकिन सरकार की वादा खिलाफी के कारण आंदोलन का रास्ता अपनाना मजबूरी बन गया है।