जिले में इस साल जमकर बारिश हुई है, लगातार बारिश की वजह से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। मंगलवार की सुबह तो आसमान साफ था, लेकिन दोपहर के बाद काले बादल छा गए और तेज बारिश शुरू हो गई। करीब दो घंटे 55 मिमी. बारिश में पूरा शहर जलमग्न हो गया। हालत यह थी कि सड़कों पर घुटनों तक पानी चल रहा था। वाहन बीच में बंद होने लगे जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। लगातार दूसरे दिन मौसम में बदलाव देखने को मिला, मंगलवार को सुबह तक लग रहा था कि आसमान साफ है लेकिन बाद में मौसम ने करवट ली। दोपहर एक बजे से आसमान में बादलों की गरजना के साथ बारिश शुरू हो गई। तेज बारिश होने के कारण थोड़ी ही देर में सड़कों की हालत खराब हो गई। गीता आश्राम, मुरथल रोड, कोर्ट रोड, सुभाष चौक, रेलवे स्टेशन के पास सड़क पर नदी की तरह पानी बह रहा था। सड़क पर घुटनों तक पानी चलने की वजह से ई-रिक्शा एवं दो पहिया वाहन बीच में बंद हो जा रहे थे। जिसकी वजह से जाम की स्थिति बन गई। जिला मुख्यालय के अलावा खानपुर कला में भी हल्की बारिश हुई। अन्य क्षेत्रों में स्थिति सामान्य रही, जिस तरह सड़कों पर बारिश का पानी बह रहा है उसने नगर निगम की नाला सफाई की भी कलई खोल दी है।