न्यू कॉलोनी में नटराज थियेट्रिकल ग्रुप व हरियाणा कला परिषद, रोहतक मंडल के संयुक्त तत्वावधान में सांस्कृतिक कार्यशाला एवं व्यक्तित्व विकास ग्रीष्मकालीन शिविर लगाया गया। शिविर में बच्चों को हरियाणवी लोक गीत, राजस्थानी गीत, वादन, संगीत का अभ्यास करवाकर गुर सिखाए गए। कार्यशाला के आठवें दिन की शुरुआत मां शारदा की वंदना से की गई। नटराज थियेट्रिकल ग्रुप के अध्यक्ष सत्यवान सरोहा ने बच्चों को हरियाणवी गीत हरी भरी सै धरती म्हारा सीधा-साधा बाणा व दहेज पर आधारित हरियाणवी लोकगीत सास मनै राजी बोलिए राजी बोलिए री मां बाप छोड़ के आई पर अभ्यास करवाया। दोपहर को बच्चाें को राजस्थानी गीत चौमासो लाग्यो रै व हरियाणा के सम्मान गीत जय जय वीर भूमि हरियाणा का अभ्यास करवाया गया। इसके बाद बच्चों को वादन में हारमोनियम, ढोलक, तबला, बांसुरी का अभ्यास करवाकर जानकारी दी गई। वहीं पंजाबी गीत मेरी काली एक्टिवा दा...पर बच्चों ने जमकर नृत्य किया। नशा नाश की जड़ नाटक का मंचन कर बच्चों ने तालियां बटौरी। कार्यशाला में मास्टर सुलेख कुमार, अशोक वर्मा, प्रोमिला आंतिल, जय सिंह सभ्रवाल ने बच्चों का हौसला बढ़ाया।